जाने ई-श्रमिक कार्ड योजना के विषय में
केंद्र सरकार की ओर से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक मजदूरों सहित कामगारों के लिए ई-श्रमिक कार्ड योजना चलाई जा रही है। इसके तहत कामगारों के ई-श्रमिक कार्ड बनाए जा रहे हैं। देश का कोई भी असंगठित क्षेत्र में काम करने वाला कामगार यह कार्ड बना सकता है। ई-श्रमिक कार्ड से लाभार्थी कामगारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। इस समय देश में 12 ऐसी सरकारी योजनाएं संचालित है जिनका लाभ ई-श्रमिक कार्ड से उठाया जा सकता है। यदि आपने ई-श्रमिक कार्ड बनवा रखा है तो आप इन 12 सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। और यदि आपने अभी तक ई-श्रमिक कार्ड नहीं बनवाया है तो जल्द बनवाएं ताकि आपको भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकें। आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से ई-श्रमिक कार्ड की सहायता से जिन सरकारी योजनाओं का लाभ ले पाएंगे उसकी जानकारी दे रहे हैं। इसी के साथ ई-श्रमिक कार्ड बनवाने का तरीका भी बता रहे हैं ताकि आप इससे फायदा उठा सकें।
ई-श्रमिक कार्ड से आप सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। वर्तमान समय में ई-श्रमिक कार्ड से इन 12 सरकारी योजनाओं को जोड़ा गया है। ये योजनाएं इस प्रकार से हैं-
1. प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना
2. स्वरोजगार करने वालों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना
3. प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना
4. प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
5. सार्वजनिक वितरण प्रणाली
6. अटल पेंशन योजना
7. प्रधानमंत्री आवास योजना
8. राष्ट्रीय सामाजिक सहायता योजना
9. आयुष्मान भारत योजना
10. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना
11. प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजनाएं
12. महामारी, अकाल के दौरान बांटी जाने वाली सहायता का लाभ मिलेगा।
असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड बनवाना इसलिए जरूरी है क्योंकि इस कार्ड के माध्यम से आपको कई सरकारी योजनाओं का लाभ सरकार की ओर से मिल सकेगा। ई-श्रम कार्ड ये प्रमाणित करता है कि आप इन योजनाओं का लाभ लेने के पात्र हैं। सरकार भी श्रमिकों को यह कार्ड बनवाने के लिए जागरूक कर रही है। इसके लिए लेबर विभाग द्वारा समय-समय पर शिविर भी लगाए जा रहे है ताकि देश के सभी असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कामगार यह कार्ड बनवा सकें।
यूपी में ई-श्रम कार्ड धारकों के खाते में सरकार ने दिए 1000 रुपए
अभी पिछले दिनों राज्य की यूपी सरकार ने राज्य के ई-श्रम कार्ड धारकों को 500 रुपए प्रति माह की घोषणा के मुताबिक दिसंबर और जनवरी की किस्त यानि 1000 रुपए श्रमिकों के खातें में डाले हैं। इस तरह यूपी में राज्य की योगी सरकार की ओर से राज्य के श्रमिकों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। बता दें कोराना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए राज्य सरकार ने श्रमिकों के लिए सहायता राशि प्रदान की है। अभी फिलहाल श्रमिकों को 500 रुपए प्रति माह दी जाने वाली सहायता राशि मार्च 2022 तक प्रदान की जाएगी।
किसका बनेगा कार्ड –
कोई भी व्यक्ति जो छोटा-मोटा काम करता है वे बनवा सकते है। इसमें ट्यूशन पढ़ाने वाला, घर का नौकर – नौकरानी (काम वाली बाई), खाना बनाने वाली बाई (कुक), सफाई कर्मचारी, गार्ड, ब्यूटी पार्लर की वर्कर, नाई, मोची, दर्जी, बाढ़ई, प्लम्बर, बिजली वाला (इलेक्ट्रीशियन), पोताई वाला (पेंटर), टाइल्स वाला, वेल्डिंग वाला, खेती वाले मजदूर, नरेगा मजदूर, ईंट भट्टा के मजदूर, पत्थर तोडऩे वाले, खदान मजदूर, फाल्स सीलिंग वाला, मूर्ती बनाने वाले, मछुवारा, रेजा, कुली, रिक्शा चालक, ठेला में किसी भी प्रकार का सामान बेचने वाला (वेंडर), चाट ठेला वाला, भेल वाला, चाय वाला, होटल के नौकर/वेटर, रिसेप्शनिस्ट, पूछताछ वाले क्लर्क, ऑपरेटर, हर दुकान का नौकर / सेल्समैन / हेल्पर, ऑटो चालक, ड्राइवर, पंचर बनाने वाला, चरवाहा, डेयरी वाले, सभी पशुपालक, पेपर का हॉकर, जोमैटो स्विगी के डिलीवरी बॉय, अमेजन फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय (कूरियर वाले), नर्स, वार्डबॉय, आया, मंदिर के पुजारी, विभिन्न सरकारी ऑफिस के दैनिक वेतन भोगी यानी वास्तव में आपके आसपास दिखने वाले प्रत्येक कामगार का यह कार्ड बन सकता है।
