नगर निगम देहरादून द्वारा डेंगू रोकथाम हेतु विशेष लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का शुभारंभ
देहरादून, दिनांक 04 जून 2026
देहरादून । मानसून सीजन एवं आगामी समय में डेंगू के संभावित खतरे को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम देहरादून द्वारा जनस्वास्थ्य सुरक्षा एवं डेंगू नियंत्रण हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 04.06.2026 को नगर निगम परिसर से डेंगू रोकथाम हेतु लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पाण्डेय (आईएएस) द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
डेंगू वाहक मच्छरों के लार्वा को प्रारंभिक अवस्था में ही नष्ट करने तथा शहर में डेंगू संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रथम चरण में लगभग 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को विभिन्न क्षेत्रों एवं वार्डों के लिए रवाना किया गया। ये टैंकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संभावित मच्छर प्रजनन क्षेत्रों में नियमित रूप से लार्वीसाइडल छिड़काव एवं उपचारात्मक कार्यवाही करेंगे।
नगर निगम प्रशासन द्वारा इस अभियान को एक व्यापक जनस्वास्थ्य पहल के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत लार्वीसाइडल छिड़काव के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण एवं स्वच्छता संबंधी विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे। निगम का लक्ष्य डेंगू के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करना है।
इस अवसर पर माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रशासन एवं नागरिकों की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है तथा नगर निगम शहरवासियों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु प्रतिबद्ध है। नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पाण्डेय (आईएएस) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान को सभी वार्डों में सुनियोजित एवं समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान पार्षदगण, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मरवाह, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षकगण, स्वास्थ्य अनुभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
नगर निगम देहरादून द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों एवं आसपास अनावश्यक जलभराव न होने दें, पानी की टंकियों एवं पात्रों को ढककर रखें, कूलर एवं गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें तथा डेंगू रोकथाम अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। निगम प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी व्यापक स्तर पर डेंगू नियंत्रण एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियां निरंतर संचालित की जाती रहेंगी ।
