UPCL के इस अधिकारी को मिला सेवा विस्तार, उठने लगे कई सवाल
देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने यूपीसीएल में प्रभारी निदेशक परिचालन मदनलाल प्रसाद को 1 साल का सेवा विस्तार दे दिया है? मदनलाल प्रसाद दो दिन बाद रिटायर होने वाले थे।सरकार के इस फैसले पर कई सवाल उठ रहे हैं।

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में मुख्य अभियंता स्तर 1, मदनलाल प्रसाद अब आगामी 1 साल के लिए सेवा विस्तार ले चुके हैं। शासन में ऊर्जा सचिव मीनाक्षी सुंदरम की तरफ से इसके लिए बाकायदा आदेश भी जारी कर दिया गया है।खास बात यह है कि मदनलाल प्रसाद फिलहाल प्रभारी निदेशक परिचालन की जिम्मेदारी भी यूपीसीएल में देख रहे हैं।इसी महीने 2 दिन बाद उनकी सेवानिवृत्ति भी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही शासन ने एक चौंकाने वाला आदेश जारी करते हुए मदनलाल प्रसाद की सेवाओं को आगामी 1 साल के लिए विस्तारित कर दिया है।इस आदेश के पीछे तर्क दिया गया है कि मदन लाल प्रसाद ऐसी विभिन्न योजनाओं को देख रहे हैं जो लोक कल्याणकारी हैं। इसीलिए जनहित को देखते हुए उनके कार्यकाल को 1 साल के लिए बढ़ाया गया है।
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में अब तक अधिकारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में रहती थी। अब तो सरकार और शासन के निर्णय भी कटघरे में खड़े दिखाई दे रहे हैं। दरअसल यूपीसीएल में प्रभारी निदेशक परिचालन मदनलाल प्रसाद को 1 साल का सेवा विस्तार देने से जुड़ा आदेश किया गया है, जो किसी के भी गले नहीं उतर रहा।
