एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड ने ट्रामाडोल तस्करी गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को किया गिरफ्तार
कार्यालय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, स्पेशल टास्क फोर्स, देहरादून, उत्तराखण्ड।
दिनांकः 02 नवम्बर, 2026
🔶*प्रकरण में पूर्व में थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार क्षेत्र से 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल किए गए थे बरामद।*
🔶 *गिरफ्तार अभियुक्त मुख्य अभियुक्तगण सचिन मनिहाल एवं अंकित (पूर्व से गिरफ्तार) के लिए उत्तराखण्ड में रिसीवर एवं डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में करता था कार्य*
🔶*प्रकरण में अब तक 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है राज्य एसटीएफ.*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF उत्तराखण्ड द्वारा राज्य को नशामुक्त बनाने के दृष्टिगत STF/ANTF की सभी यूनिटों को नकली दवाईयों/बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है इसी क्रम में माह मई- 2026 को एसटीएफ/एएनटीएफ एवं थाना मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार पर मु0अ0सं0 257/2026, धारा 8/22/29/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उक्त अभियोग की विवेचना स्पेशल टास्क फोर्स, देहरादून द्वारा की जा रही है।
विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारी, बैंक खातों के विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों एवं तकनीकी जांच के आधार पर पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त अंकित कुमार प्रजापति निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश की भूमिका प्रकाश में आई। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त अंकित कुमार प्रजापति जनवरी 2026 से सह-अभियुक्त सचिन मनिहाल से SPASMORE (Tramadol) Capsules प्राप्त कर हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई कर रहा था। प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री से प्राप्त धनराशि में से अपना कमीशन काटकर शेष धनराशि सह-अभियुक्त को नकद एवं बैंक खातों के माध्यम से उपलब्ध कराता था। इस कार्य में वह सलमान एवं उसके साथी फारूख आदि की मदद लेता था।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त फारूख पुत्र महबूब की भूमिका प्रकाश में आई। साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि अभियुक्त फारूख अपने अन्य साथी के साथ प्रतिबंधित SPASMORE (Tramadol) Capsules की अवैध सप्लाई में संलिप्त था। इसके अतिरिक्त, माह मई 2026 को 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की बरामदगी में भी अभियुक्त फारूख की भूमिका थी। एसटीएफ टीम द्वारा प्रकरण में प्राप्त बैंकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ते हुए पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त फारूख पुत्र महबूब निवासी ग्राम भारापुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही हैविवेचना के दौरान प्रकरण में संगठित रूप से नशा तस्करी किए जाने के साक्ष्य प्रकाश में आने पर धारा 111 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की भी बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्तों द्वारा संगठित गिरोह के रूप में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई एवं आर्थिक लाभ अर्जित किए जाने के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक्स, आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों तथा पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*गिरफ्तार अभियुक्त*
फारूख पुत्र महबूब, निवासी ग्राम भारापुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार।
*एसटीएफ./एएनटीएफ. टीम*
1.निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा
2.उपनिरीक्षक कमाल हसन
3.अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान
4.आरक्षी दीपक चंदौला
5.आरक्षी प्रदीप
*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ* द्वारा आमजन से अपील की गई है कि नशे से दूर रहें तथा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
*एसटीएफ हेल्पलाइन:*
☎️ 0135-2656202
📱 9412029536
मानस हेल्पलाइन: 1933

