UTTRAKHAND

गंगा की लहरों पर भारतीय सेना का दिखा शौर्य

Spread the love

गंगा की लहरों पर भारतीय सेना का शौर्य: मराठा लाइट इन्फैंट्री के जवानों का 150 किलोमीटर का व्हाइट वॉटर राफ्टिंग अभियान

ऋषिकेश। भारतीय सेना की 8वीं बटालियन, द मराठा लाइट इन्फैंट्री ने आर्मी एडवेंचर विंग के सहयोग से गंगा की प्रचंड जलधाराओं और चुनौतीपूर्ण रैपिड्स के बीच 150 किलोमीटर लंबे व्हाइट वॉटर राफ्टिंग अभियान का शुभारंभ किया है। यह अभियान रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश तक आयोजित किया जा रहा है।

कैप्टन जयराज कांदिल के नेतृत्व में 19 साहसी सैन्यकर्मियों का दल 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक ऋषिकेश–देवप्रयाग–श्रीनगर–रुद्रप्रयाग नदी मार्ग पर अपने साहस, धैर्य और सामूहिक कौशल का प्रदर्शन करेगा। अभियान का समापन ऋषिकेश स्थित वीरभद्र बैराज पर होगा।

इस साहसिक अभियान का मुख्य उद्देश्य सैन्यकर्मियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें और अधिक विकसित करने के साथ-साथ साहसिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना है। इसके माध्यम से जवानों में आपसी सौहार्द, भाईचारे, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

गंगा की दुर्गम जलधाराओं के बीच यह अभियान भारतीय सेना के साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और अदम्य जज्बे का परिचायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *