UTTRAKHAND

शहीद अग्निवीर रोहित रावत को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

Spread the love

टिहरी गढ़वाल, 12 जून 2026

जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड भिलंगना अंतर्गत ग्राम मेंडू सिंदेवाल निवासी शहीद अग्निवीर रोहित रावत (20 गढ़वाल राइफल्स) का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मेंडू सिंदेवाल में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया।

इस अवसर पर सेना के जवानों द्वारा शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा राष्ट्र की सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों,जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन बलवंत सिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, उपजिलाधिकारी घनसाली मंजू राजपूत सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने शहीद अग्निवीर रोहित रावत के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

वक्ताओं ने कहा कि शहीद रोहित रावत का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
शहीद के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *