उत्तराखंड

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

Spread the love

25 अप्रैल से शुरू होगी प्रथम चरण की जनगणना

पौड़ी/21 फरवरी 2026
आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला कार्यालय सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया है। इसमें नामित चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को डिजिटल प्रणाली के अनुरूप कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। अब जनगणना-2027 दो चरणों में कराई जाएगी। पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का होगा, जो वर्ष 2026 में संचालित किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण जनसंख्या गणना का वर्ष 2027 में होगा।

जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून से मास्टर ट्रेनर शिव कुमार ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल एप के जरिए आंकड़े संकलित करेंगे। संपूर्ण संचालन और निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस पोर्टल) का उपयोग किया जाएगा। इससे आंकड़ों की गुणवत्ता और सटीकता में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जनपद की प्रत्येक तहसील और नगर को अलग-अलग जनगणना चार्ज के रूप में चिन्हित किया गया है। प्रत्येक चार्ज में एक चार्ज अधिकारी नामित किया गया है, जो जियो-टैगिंग, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्माण, सीमाओं के निर्धारण और फील्ड मॉनिटरिंग का दायित्व निभाएगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, प्रपत्र भरने की विधि, क्षेत्र निर्धारण, वेब मैपिंग एवं क्रिएटर ऐप के उपयोग तथा रिपोर्टिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गयी।

जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून से मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने बताया कि राज्य में प्रथम चरण का कार्य 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक चलेगा। इसके अलावा 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस दौरान परिवार वेब पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिसका बाद में प्रगणक द्वारा सत्यापन किया जाएगा।

द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक कराई जाएगी। हिमाच्छादित क्षेत्रों में विशेष प्रावधान के तहत यह कार्य 11 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक संपन्न किया जाएगा।

इस अवसर पर तहसीलदार पौड़ी दीवान सिंह राणा, यमकेश्वर वैभव जोशी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला, ईओ थलीसैंण दीपक प्रताप, सतपुली पूनम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *