राष्ट्रीय

बसंत पंचमी क्यो मनाई जाती है आइये जानते हैं

Spread the love

बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं-

जगमोहन सिंह मौर्य देहरादून-

Basant Panchami 2022 : पंचांग के अनुसार 5 फरवरी 2022, शनिवार को माघ शुक्ल की पंचमी तिथि है. इस तिथि को बसंत पंचमी कहा जाता है. बसंत पंचमी का पर्व मां सरस्वती को समर्पित है. इस दिन माता सरस्वती की विशेष पूजा की जाती है.

 

ज्ञान की देवी हैं मां सरस्वती
बसंत पंचमी का संबंध ज्ञान और शिक्षा से है. हिंदू धर्म में मां सरस्वती को ज्ञान की देवी माना गया है. इस वर्ष बसंत पंचमी शनिवार के दिन है. पंचांग के अनुसार इस दिन कई शुभ संयोग भी बनने जा रही है.

ज्योतिष के मुताबिक बसंत पंचमी का दिन काफी शुभ माना जाता है इसलिए इस दिन को अबूझ मुहूर्त के तौर पर भी जाना जाता है। इस दिन किसी भी शुभ काम को करने के लिए मुहूर्त देखने या पंडित से पूछने की जरूरत नहीं पड़ती। इस दिन पीले रंग का वस्त्र पहनकर पूजा करना भी शुभ होता है। बसंत पंचमी का दिन शादी के बंधन में बंधने के लिहाज से भी बहुत शुभ माना जाता है। इसके अलावा गृह प्रवेश से लेकर नए कार्यों की शुरुआत के लिए यह दिन अत्यंत शुभ माना गया है।

क्यों मनाई जाती है बसंत पंचमी

पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान ब्रह्मा जी ने समस्त संसार की रचना की। उन्होंने मनुष्य, जीव-जन्तु, पेड़-पौधे बनाए लेकिन फिर भी उन्हें अपनी रचना में कमी लगी। इसलिए ब्रह्मा जी ने अपने कमंडल से जल छिड़का, जिससे चार हाथों वाली एक सुंदर स्त्री प्रकट हुई। उस स्त्री के एक हाथ में वीणा, दूसरे में पुस्तक, तीसरे में माला और चौथा हाथ वर मुद्रा में था। ब्रह्मा जी ने इस सुंदर देवी से वीणा बजाने को कहा। जैसे ही उन्होंने वीणा बजायी ब्रह्मा जी के बनाई हर चीज में मानो सुर आ गया। इसके बाद ब्रह्मा जी ने उन्हें वीणा की देवी सरस्वती का नाम दे दिया। वह दिन बसंत पंचमी का था। यही कारण है कि हर साल बसंत पंचमी के दिन देवी सरस्वती का जन्मदिन मनाया जाने लगा और उनकी पूजा की जाने लगी।

ऐसे करें पूजा

घरों के साथ-साथ स्कूल और संस्थानों में मां सरस्वती की खास पूजा की जाती है। अगर आप घर में मां सरस्वती की पूजा कर रहे हैं तो इन बातों का ज़रूर ध्यान रखें। इस दिन पीले रंग का वस्त्र पहनें। मां सरस्वती की प्रतीमा को पीले रंग के कपड़े पर स्थापित करें। उनकी पूजा में रोली, मौली, हल्दी, केसर, अक्षत, पीले या सफेद रंग का फूल, पीली मिठाई आदि चीजों का प्रयोग करें। इसके बाद मां सरस्वती की वंदना करें और पूजा के स्थान पर वाद्य यंत्र और किताबों को रखें। बच्चों को पूजा स्थल पर बैठाएं। इस दिन से बसंत का आगमन हो जाता है इसलिए देवी को गुलाब अर्पित करना चाहिए और गुलाल से एक-दूसरे को टीका लगाना चाहिए। बता दें मां सरस्वती को बागीश्वरी, भगवती, शारदा, वीणावादनी और वाग्देवी जैसे अनेक नामों से भी पूजा जाता है।

सरस्वती पूजा मंत्र – 1

या कुन्देन्दुतुषारहारधवला या शुभ्रवस्त्रावृता।

या वीणावरदण्डमण्डितकरा या श्वेतपद्मासना॥

या ब्रह्माच्युत शंकरप्रभृतिभिर्देवैः सदा वन्दिता।

सा माम् पातु सरस्वती भगवती निःशेषजाड्यापहा॥1॥

शुक्लाम् ब्रह्मविचार सार परमाम् आद्यां जगद्व्यापिनीम्।

वीणा-पुस्तक-धारिणीमभयदां जाड्यान्धकारापहाम्‌॥

हस्ते स्फटिकमालिकाम् विदधतीम् पद्मासने संस्थिताम्‌।

वन्दे ताम् परमेश्वरीम् भगवतीम् बुद्धिप्रदाम् शारदाम्‌॥2॥

सरस्वती पूजा मंत्र – 2

सरस्वती नमस्तुभ्यं वरदे कामरूपिणी, विद्यारम्भं करिष्यामि सिद्धिर्भवतु में सदा।

गुलाल लगाने की है परंपरा

बसंत पंचमी के दिन देवी सरस्वती के साथ ही राधे-कृष्ण की पूजी का भी शास्त्रों में वर्णन किया गया है। दरअसल राधे-कृष्ण प्रेम का प्रतीक हैं। बसंत पंचमी के दिन पहली बार राधा-कृष्ण ने एक दूसरे को गुलाल लगाया था इसलिए बसंत पंचमी पर गुलाल लगाने की परंपरा भी चली आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *