उत्तराखंड

घनसाली जन संघर्ष मोर्चा के सदस्यों से डीएम टिहरी ने की बैठक 

Spread the love

टिहरी/दिनांक 05 फरवरी, 2026

आज गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल स्थित जिला कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में तहसील घनसाली में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करने वाले ‘घनसाली जन संघर्ष मोर्चा’ के सदस्यों के साथ जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल द्वारा बैठक की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मोर्चा द्वारा पूर्व में उठाई गई मांगों के संबंध में अवगत कराया कि घनसाली में जिला अस्पताल के विषय में शासन को अनुस्मारक प्रस्ताव प्रेषित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के उच्चीकरण की मांग पर शासन स्तर से निर्देश प्राप्त होना अभी शेष है।

बैठक में उपस्थित मोर्चा के सदस्यों द्वारा धरना स्थल पर लोगों पर की गई कार्यवाही पर रोक लगाए जाने हेतु अनुरोध किया गया तथा पूर्व में हुई गर्भवती महिलाओं की मृत्यु पर मुआवजा दिए जाने की मांग भी रखी, जिसपर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा शासन स्तर पर लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस बैठक में सीएमओ डॉक्टर श्याम विजय एवं एसडीएम अल्केश नौडियाल सहित ‘घनसाली जन संघर्ष मोर्चा’ के कार्यकारी अध्यक्ष संदीप आर्य, जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंग घणाता और अनुज लाल शाह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुरुषोत्तम आर्य, विनोद लाल, सुनीता रावत, अरविंद राणा ब्लॉक अध्यक्ष यूकेडी, शांति श्रीवान, हर्षमणि उनियाल, विनोद चौधरी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *