बीकेटीसी द्वारा श्री बदरीनाथ धाम में शारदीय नवरात्रि पर घट स्थापना, मां भगवती का हुआ अभिषेक
• श्री बदरीनाथ मंदिर परिसर में नौ दिनों पर होगी माता दुर्गा के नौ रूपों तथा माता उर्वशी की पूजा-अर्चना*
बदरीनाथ धाम । शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा श्री बदरीनाथ धाम मंदिर परिसर में माता उर्वशी एवं नवदुर्गा पूजा के अंतर्गत विधि-विधान से कलश स्थापना की गयी। इस अवसर पर श्री बदरीनाथ धाम के नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी ने मां भगवती का अभिषेक किया। वहीं, आचार्य विजय प्रसाद पाण्डेय, आचार्य मंत्री प्रसाद थपलियाल एवं आचार्य शशांक चमोली ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करायी तथा दुर्गा सप्तशती का वाचन किया।
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जारी संदेश में समस्त श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पावन पर्व पर सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। साथ ही बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती तथा उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने नवरात्रि के अवसर पर मंगलकामना की है।नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

आचार्य विजय प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक श्री बदरीनाथ मंदिर परिसर में दुर्गा सप्तशती का पाठ तथा माता उर्वशी की विशेष पूजा-अर्चना की होगी इस दौरान राष्ट्र के कल्याण, ऐश्वर्य वृद्धि, समस्त बाधाओं की निवृत्ति तथा जनकल्याण की कामना की जायेगी।
उन्होंने बताया कि विजयदशमी के पावन अवसर पर हवन-यज्ञ के साथ नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा।नवरात्रि के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरीविशाल के दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस अवसर पर बदरीनाथ धाम प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, संदीप कपरवाण, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़, विपिन डिमरी, दिनेश डिमरी आदि उपस्थित रहे।

