UTTRAKHAND

भाजपा ने जारी की जिला मीडिया समन्वयकों की सूची, देहरादून की जिम्मेदारी हनी पाठक को

Spread the love

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड ने प्रदेश के सभी जिलों में मीडिया समन्वय की जिम्मेदारियां तय करते हुए जिला मीडिया समन्वयकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ ही मीडिया संपर्क विभाग से जुड़े पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सूची के मुताबिक देहरादून जिले की मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक को दी गई है। हनी पाठक पार्टी की मीडिया गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रही हैं। राजधानी देहरादून में पार्टी की मीडिया गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।

वहीं, चमोली जिले में प्रदेश संयोजक, मीडिया संपर्क विभाग हरीश चमोली को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पिथौरागढ़ में संजीव वर्मा और ऊधमसिंह नगर में भुवन जोशी को प्रदेश सह-संयोजक, मीडिया संपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी की ओर से जारी सूची में अन्य जिलों के लिए भी प्रदेश प्रवक्ताओं को मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें उत्तरकाशी से सत्यवीर चौहान, रुद्रप्रयाग से मनोज जखमोला, टिहरी से कमलेश रमन, हरिद्वार से नवीन ठाकुर, पौड़ी से शादाब शम्स, बागेश्वर से विश्वजीत नेगी, अल्मोड़ा से मथुरादत्त जोशी, चंपावत से सुरेश चंद्र तिवारी और नैनीताल से गुरुविंदर सिंह चंडोक शामिल हैं।

भाजपा संगठन की ओर से जिला स्तर पर मीडिया समन्वय की जिम्मेदारियां तय किए जाने को आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के तहत संबंधित पदाधिकारी पार्टी की गतिविधियों, कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े विषयों को मीडिया तक पहुंचाने तथा मीडिया समन्वय में भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *