उत्तर प्रदेश

नाथ नगरी बरेली में सावन के तीसरे सोमवार कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

Spread the love

बरेली  । सावन के तीसरे सोमवार को नाथ नगरी शिव भक्ति में लीन दिखी, जहां प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा हुई।

नाथ नगरी बरेली पूरी तरह से शिव भक्ति के रंग में डूबी नजर आई। तड़के सुबह चार बजे से ही शहर के सभी प्रमुख नाथ मंदिरों और शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

अलखनाथ, त्रिवटी नाथ, धोपेश्वर नाथ, पशुपतिनाथ, बनखंडी नाथ, तपेश्वरनाथ और बद्रीनाथ समेत सभी प्रमुख शिव धामों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जहां लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा भाव से शिवलिंग पर दूध, दही, शहद, काले तिल और पवित्र गंगाजल अर्पित कर विधिवत पूजन-अभिषेक किया।

मंदिरों में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए श्रद्धालुओं को केवल जलाभिषेक की ही अनुमति दी जा रही थी। इस पावन अवसर पर नाथ मंदिरों के ऊपर हेलीकाप्टर के माध्यम से कांवड़ियों और शिव भक्तों पर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिससे उत्साहित होकर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

बदायूं स्थित कछला घाट से गंगाजल भरकर बड़ी संख्या में कांवड़िए डीजे की धुनों पर थिरकते हुए और पूरे उत्साह के साथ जिले में पहुंचे। तीन से चार दिनों की कठिन पैदल यात्रा तय कर बरेली पहुंचे श्रद्धालु नितिन ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे गुरुवार को कछला घाट से निकले थे और सोमवार को उन्होंने यह यात्रा पूरी की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *