राखी पर बहनों की राह होगी आसान डिपो से दौड़ेंगी 227 बसे
अयोध्या । रक्षाबंधन पर घर लौटने और राखी बांधने जाने वाले बहनों की राह आसान करने के लिए अयोध्या में परिवहन निगम ने कमर कस ली है। मंडल के चार डिपो से 227 बसों का विशेष संचालन 26 से 31 अगस्त तक किया जाएगा। इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिल सकती है।
अयोध्या डिपो की 75 बसें नौ निर्धारित मार्गों पर चलेंगी। इनमें अयोध्या-लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर 20, अयोध्या-लखनऊ-आजमगढ़ पर 10, अयोध्या-बहराइच पर 25 और अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर 20 बसें शामिल हैं। रक्षाबंधन के तुरंत बाद पूर्वांचल से दिल्ली और कानपुर की ओर यात्रियों की भीड़ बढ़ने का अनुमान है।
इसमें गोरखपुर, देवरिया, बलिया और आजमगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए पहले से संचालन योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक काशी प्रसाद ने बताया कि चारों डिपो में 267 बसें चलेंगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।
26 से 31 अगस्त के बीच अधिकारियों, कर्मचारियों, चालक-परिचालकों और अन्य संबंधित कार्मिकों का अवकाश, साप्ताहिक विश्राम और डीडीआर स्वीकृत नहीं किया जाएगा। बीमारी या मृत्यु जैसी अतिविशिष्ट परिस्थितियों को इससे अलग रखा गया है। अनुबंधित बसों का भी पूरा संचालन कराया जाएगा। चालक-परिचालकों को सभी स्टॉपेज से यात्रियों को बैठाने और बसों को अधिकतम यात्री क्षमता के साथ चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
छह दिनों में 1800 किलोमीटर संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालक को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा कर्मियों को 1800 किलोमीटर से अधिक दूरी पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किमी मिलेंगे। हालांकि प्रोत्साहन के लिए सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी है। छहों दिन उपस्थित रहने वाले डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त मिलेंगे।
डिपो से कितनी बसें चलेंगी
- अयोध्या- 75
- सुल्तानपुर- 90
- अकबरपुर- 47
- अमेठी- 15
- कुल- 227
मार्ग: अयोध्या से लखनऊ-गोरखपुर, लखनऊ-आजमगढ़, बहराइच और प्रयागराज, सुल्तानपुर से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, अयोध्या-गोंडा, कानपुर और रायबरेली समेत अन्य मार्ग।
