नशा उन्मूलन और मिशन एजुकेशन के लिए एडवोकेट ललित मोहन जोशी को मिला ‘घन्ना भाई सम्मान-2026
देहरादून– लोक हास्य के पुरोधा और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को देश-विदेश तक नई पहचान दिलाने वाले स्वर्गीय घन्ना भाई की 73वीं जयंती के अवसर पर घन्ना भाई फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज एवं सजग इंडिया के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी को ‘घन्ना भाई सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें प्रदेश में पिछले 15 से अधिक वर्षों से लगातार चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। समारोह में उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा पद्मश्री से सम्मानित लोकगायक प्रीतम भरतवाण ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया।
एडवोकेट ललित मोहन जोशी पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित सेमिनार, संवाद कार्यक्रम, शपथ अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया है। उनका मानना है कि नशामुक्त युवा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी एडवोकेट ललित मोहन जोशी उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में संचालित सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में ‘मिशन एजुकेशन’ योजना के तहत प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिवर्ष निशुल्क उच्च शिक्षा प्रदान की जाती है। इस योजना के माध्यम से हर वर्ष लगभग 300 आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बिना किसी आर्थिक बोझ के उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अनेक युवाओं के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने घन्ना भाई फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय घन्ना भाई ने अपनी कला और लोक हास्य के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। उनकी स्मृति में प्राप्त यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी सहयोगियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों का भी है, जो वर्षों से नशामुक्त समाज और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभियान में उनके साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी नशा उन्मूलन अभियान और मिशन एजुकेशन के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और जागरूकता पहुंचाने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
