पोखड़ा में तीन दिवसीय नि:शुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री के ‘सेवा, सुशासन और विकास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की पहल, पहले दिन 65 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ
पोखड़ा ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सेवा, सुशासन और विकास’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा के ब्लॉक सभागार में तीन दिवसीय नि:शुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं ने किया।
शिविर में जिला चिकित्सालय पौड़ी से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों के साथ-साथ हंस महाराज राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर के प्रथम दिवस 65 से अधिक मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में महिला रोग, हड्डी रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), फिजिशियन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श दिया गया। साथ ही सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इसके अतिरिक्त शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु चिकित्सकीय परीक्षण, एक्स-रे, टीबी स्क्रीनिंग, एचआईवी जांच एवं परामर्श, किशोर स्वास्थ्य परामर्श (एडोलेसेंट काउंसलिंग), टीकाकरण तथा अन्य जनस्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिनका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख संजय जोशी, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र नौटियाल, मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुधांशु ध्यानी, बीपीएम शिखर बहुखंडी, स्टाफ नर्स पूजा रॉय एवं अन्नू चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
