श्रद्धा के मार्ग पर सुरक्षा का पहरा, लक्ष्मणझूला में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने किया फ्लैग मार्च
ऋषिकेश । श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज लक्ष्मणझूला क्षेत्रान्तर्गत पौड़ी पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस एवं पैरामिलिट्री बल द्वारा मेला क्षेत्र, प्रमुख बाजारों, पार्किंग स्थलों, संवेदनशील स्थानों तथा मुख्य आवागमन मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

साथ ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देते हुए सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं कांवड़ यात्रियों में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा मेला अवधि के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना रहा।
पौड़ी पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि कांवड़ मेला-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने हेतु पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स, होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
