UTTRAKHAND

किसान प्रतिनिधि मंडल ने कृषि मंत्री गणेश जोशी को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू लोकशक्ति के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री गणेश जोशी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून । कृषि मंत्री गणेश जोशी से गुरुवार को उनके कैंप कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) उत्तराखंड के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री के समक्ष किसानों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं रखीं। ज्ञापन में मुख्य रूप से आवारा पशुओं एवं जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने, अत्यधिक वर्षा और ओलावृष्टि से फसल हानि, प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल नष्ट होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उचित मुआवजा, गन्ना किसानों की समस्याओं, खाद एवं बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों के लिए 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की मांग शामिल रही।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि ज्ञापन में उठाई गई मांगों एवं समस्याओं पर आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने तथा किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता ओमवीर सिंह, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष अनुराग, प्रदेश अध्यक्ष रोहित शर्मा, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष विद्या सेलुलर, कांति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *