उत्तरकाशी, डंपर दुर्घटना में चालक की मृत्यु, SDRF ने खाई से शव निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया
उत्तरकाशी । आज दिनांक 10 जुलाई 2026 को SDRF को पुलिस चौकी नौगांव के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि नौगांव क्षेत्र में एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
सूचना प्राप्त होते ही मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई तथा मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि डंपर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरा हुआ था। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
SDRF टीम द्वारा अत्यंत विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए मृतक के शव को खाई से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया तथा अग्रिम आवश्यक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
