UTTRAKHAND

फुटबॉल टूर्नामेंट का हुआ समापन

Spread the love

देहरादून। तनिष्क फुटबॉल अकादमी द्वारा नेहरू ग्राम इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित द्वितीय समर फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्गों की कुल 16 टीमों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अभिषेक शाही (उपाध्यक्ष, गोरखा प्रकोष्ठ) सहित स्थानीय पार्षद सुशील शर्मा, रमेश राणा, दीपक गुंसाई, मनदीप गुंसाई, सोहन सिंह बिष्ट, हिमांशु पंत एवं अजय तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रतियोगिता के अंडर-10 वर्ग में तनिष्क फुटबॉल अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि नेहरू ग्राम एफसी उपविजेता रही। अंडर-13 वर्ग में यंग बॉयज की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और तनिष्क अकादमी को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
वहीं अंडर-13 गर्ल्स वर्ग में यंग गर्ल्स ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि स्टार गर्ल्स की टीम उपविजेता रही।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर तनिष्क फुटबॉल अकादमी के पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ फुटबॉल के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी बढ़ावा देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *