देहरादून

नशामुक्त युवा ही समाज की वास्तविक शक्ति: ललित जोशी

Spread the love

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आई.डी.पी.एल. ऋषिकेश में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित

देहरादून । सजग इंडिया एवं राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण उत्तराखंड तथा उत्तराखण्ड पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नशा उन्मूलन एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आई.डी.पी.एल., ऋषिकेश में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें मानसिक रूप से मजबूत, नैतिक रूप से सजग और समाज व राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी नागरिक के रूप में विकसित करना था।

कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के सदस्य ललित जोशी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की शक्ति को कमजोर करता है और उसके आत्मविश्वास व भविष्य दोनों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशे को किसी भी प्रकार की समस्या या तनाव से राहत का साधन समझना एक बड़ी भूल है, क्योंकि यह समस्याओं को कम करने के बजाय उन्हें और अधिक जटिल बना देता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए साफ सोच, मजबूत इच्छाशक्ति और सही निर्णय लेने की क्षमता बेहद आवश्यक है।

ललित जोशी ने कहा कि एक जागरूक, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति होता है। यदि युवा पीढ़ी स्वस्थ रहेगी, तभी समाज और देश सुरक्षित एवं सशक्त बन पाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, आत्म-नियंत्रण, अनुशासन तथा माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने स्कूल में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने के लिए ललित जोशी एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे कार्यक्रम में बताए गए विचारों को केवल सुनकर न छोड़ें, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त और अनुशासित जीवन ही सफलता और उज्ज्वल भविष्य की नींव होता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर सक्रिय रूप से भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सजग इंडिया की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य प्रवक्ता विजयपाल सिंह, सुशील रावत, ललित मोहन जोशी, विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारीगण एवं 1000 से अधिक छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *