यात्रा मार्ग बद्रीनाथ हाईवे पर वाहनों की आवाजाही हुई खतरनाक, पुराने भूस्खलन क्षेत्र हुए सक्रिय
गोपेश्वर। इस बार रुक-रुककर हो रही बारिश से बद्रीनाथ हाईवे खस्ता हालत में पहुंच गया है। हाईवे पर 20 भूस्खलन और 11 भूधंसाव जोन सक्रिय हो गए है। कई पुराने भूस्खलन जोन भी सक्रिय हुए हैं। इससे वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। पुरसाड़ी और मैठाणा के बीच ट्रीटमेंट के पांच साल बाद फिर से भू-धंसाव शुरू हो गया है। यहां हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा तेजी से अलकनंदा की ओर धंस रहा है। बद्रीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के तहत हुई हिल कटिंग से जगह-जगह फिर से पुराने भूस्खलन क्षेत्र सक्रिय हो गए हैं। नंदप्रयाग के पास प्रथाडीप, मैठाणा, छिनका, बिरही, भनेरपाणी, हेलंग, टैय्या पुल, लामबगड़ और कंचनगंगा में इस बार भारी भूस्खलन शुरू हो गया। जिससे बार-बार हाईवे बाधित हो रहा है।
