CM केजरीवाल और भगवंत मान आज पटियाला पहुंचकर ‘सीएम दी योगशाला’ प्रोजेक्ट का करेंगे आगाज
पंजाब। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बुधवार को पटियाला पहुंचेंगे और इस मौके पर ये दोनों नेता ‘सीएम दी योगशाला’ प्रोजेक्ट का पंजाब में आगाज करेंगे। इस मौके पर पोलो ग्राउंड के जिम्नेजियम हाल में राज्यस्तरीय समागम होगा। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि मेडिटेशन, प्राणायाम और योगा अभ्यास के जरिये लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए पहले चरण में पटियाला, अमृतसर, फगवाड़ा और लुधियाना में ‘सीएम दी योगशाला’ बनाई जा रही हैं। बाद में इस प्रोजेक्ट को पूरे पंजाब में लागू किया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि नौजवानों को नशे से बचाने में भी योगा वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि नौजवानों के लिए योगा के क्षेत्र में नौकरियों के अहम मौके प्रदान होंगे। इसके बाद डॉ. बलबीर सिंह ने पोलो ग्राउंड के जिम्नेजियम हॉल में राज्यस्तरीय समागम के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
