अवैध खनन के विरुद्ध विशेष अभियान जारी, 330 लोगों की गिरफ्तारी राजस्थान में 906 वाहन जब्त
जयपुर। राजस्थान पुलिस द्वारा अवैध खनन की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में अवैध खनन, अवैध निर्गमन और अवैध भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित कर सघन कार्यवाही की गई है। इस कार्यवाही के दौरान अवैध खनन के कुल 813 प्रकरण दर्ज किए गए एवं 397 प्राथमिकी दर्ज कर 330 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 633 ट्रैक्टर ट्रॉली, 273 डंपर टोला व ट्रक, 15 एचईएमएम मशीन एवं 33 अन्य मशीनों सहित अवैध भंडारण की गई 7472 टन खनिज की मात्रा भी जब्त की गई है।
महानिदेशक पुलिस उमेश मिश्रा ने बताया कि इस एकदिवसीय अवैध खनन निर्गमन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्यवाही के लिए सभी रेंज महानिरीक्षक एवं पुलिस आयुक्तगण को निर्देशित किया गया था। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में आवश्यक तैयारियां कर पर्याप्त पुलिस बल के साथ यह कार्यवाही की गई।
