क्राइमराष्ट्रीय

अंबाला में बदमाशों ने एटीएम से रुपये निकालने का ढूंढा अनूठा तरीका, एटीएम के सीसीटीवी खंगालने पर लगा पता

Spread the love

हरियाणा। अंबाला में बदमाशों ने एटीएम से रुपये निकालने का अनूठा तरीका निकाल लिया है। वारदात इस तरह की कि बैंक को एक माह तक भनक नहीं लगी। कुछ दिन बाद एटीएम के सीसीटीवी खंगालने पर इसका पता लगा। बदमाश ने पहले तो एटीएम का ऊपरी डोर खोलकर जेब से चाबीनुमा चीज निकालकर सेटिंग की और चला गया। इसके बाद जो भी एटीएम से पैसे निकालने के लिए आया तो ट्रांजेक्शन होने के बावजूद पैसे बाहर नहीं आए। इस तरह कई उपभोक्ताओं के पैसे फंसते गए।

उपभोक्ता मशीन में तकनीकी खराबी होने की बात समझकर लौट गए। कुछ समय बाद दोबारा बदमाश आया तो ऊपरी डोर खोलकर पैसे निकालकर फरार हो गया। पंजाब नेशनल बैंक की महेश नगर ब्रांच के सीनियर मैनेजर नीतेश गोंडवाल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच लिया है।पुलिस ने बताया कि बदमाश ने 8 उपभोक्ताओं से करीब 60 हजार रुपये उड़ाए। पहले बदमाश 16 अक्तूबर को मुंह पर मास्क बांधकर आया और छेड़छाड़ के बाद बाहर चला गया। कुछ लोगों के पैसे फंसने के बाद वह दोबारा मशीन में गया और ऊपरी कवर खोलने के बाद चला गया। 13 नंवबर 2022 को फिर मशीन में आया और इसी तरह से वारदात को अंजाम दिया।

उपभोक्ता पैसे फंसने को मशीन की खराबी समझ कर लौट गए। सभी उपभोक्ताओं ने बैंक में शिकायत की। बैंक ने मुख्यालय को बताया। इस बीच उपभोक्ता और बैंककर्मी उलझते रहे। बैंक का दावा था कि ट्रांजेक्शन हो गई है, जबकि उपभोक्ता बोले कि पैसे ही नहीं निकले। अंबाला में इस तरह एटीएम मशीन से चोरी का पहला मामला सामने आया है। जिले के दूसरे एटीएम में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। एटीएम से रुपये उड़ाने यह पहला मामला है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *