देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ने लगी ठिठुरन, सुबह – शाम कोहरे से घुटने लगा दम
दिल्ली एनसीआर। देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जो सामान्य से दो डिग्री कम है। बीते दो दिन से दिल्ली में करीब 6 डिग्री तापमान दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली में इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अभी तीन दिन न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने का अनुमान है। जबकि शिमला में न्यूनतम तापमान दिल्ली से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। राजधानी दिल्ली में सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। रविवार सुबह में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत एनसीआर के अन्य इलाकों में धुंध और कोहरा छाया रहा ।
तापमान में गिरावट के साथ ही दिल्ली में वायु प्रदूषण का कहर भी बढ़ रहा है।वहीं मौसमी दशाओं के अनुकूल होने से आठ साल में पहली बार 17 दिसबंर को दिल्ली-एनसीआर की हवा दमघोटू नहीं हुई। अक्तूबर में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ा तो पराली जलाने की घटनाएं भी कम दर्ज की गईं। इनके मिले-जुले असर से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषक हांफते नजर आए और यह सर्दी वर्ष 2015 से लेकर अभी तक सबसे कम प्रदूषित रही। लेकिन हालात अभी खराब हैं।
प्रदूषण से निजात के लिए एनसीआर में काफी प्रयासों की जरूरत है।सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर के 16 दिनों में दिल्ली का एक्यूआई सबसे ज्यादा और गुरुग्राम का सबसे कम रहा। दोनों जगह 295 और 239 एक्यूआई रहा। इस बीच दिल्ली की हवा सिर्फ 12 दिसंबर और ग्रेनो की 6 व 12 दिसंबर को गंभीर स्तर पर रही, जबकि गुरुग्राम, गाजियाबाद, नोएडा व फरीदाबाद में हवा की गुणवत्ता औसत से बेहद खराब दर्ज की गई।
