उत्तराखंड

यहां महिला ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार का डटकर मुकाबला किया,दुम-दबाकर भागा गुलदार

Spread the love

यहां महिला ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार का डटकर मुकाबला किया,दुम-दबाकर भागा गुलदार

पौड़ी। तहसील चौबट्टाखाल के दमदेवल रेंज के अंतर्गत ग्राम मजगांव में घर के समीप खेत में घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमलाकर घायल कर दिया। तभी महिला ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार का डटकर मुकाबला किया और उस पर दरांती से वार करने के साथ ही शोर मचाया। शोर सुनकर लोग पहुंचे और हल्ला मचाया तो गुलदार भाग गया। लोगों ने महिला को घायल अवस्था में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल में भर्ती कराया।

ग्राम मंजगांव निवासी शकुंतला देवी (52 वर्ष) पत्नी अनिल सुंद्रियाल रविवार शाम 4:30 बजे घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में से घास काट रही थी कि इसी दौरान गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार पर दरांती से कई वार किए और शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हो हल्ला मचाने के साथ ही गुलदार पर पत्थर फेंके जिस पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल शकुंतला देवी को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव खाल ले जाया गया। घायल के पति अनिल ने बताया कि शकुंतला के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पैर में छह टांके लगाने के बाद उन्हें चिकित्सालय से छुट्टी दे दी गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर सुंद्रियाल ने बताया कि एक बार फिर क्षेत्र में गुलदार सक्रिय होने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाने और हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग उठाई। वहीं गढ़वाल वन प्रभाग के दमदेवल रेंज अधिकारी सुचि चौहान ने बताया कि घटना के बाद मंजगाव और आसपास के क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही गांव में पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *