Dehradun

इगास के बहाने बच्चों के सपनों को मिली नई उड़ान

Spread the love

धाद के पुनरुत्थान कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय मिलन समारोह आयोजित

उत्तराखंड के आपदा प्रभावित बच्चों ने गीत, कविता और लोकनृत्य से सजाई सांस्कृतिक संध्या, साइंस सिटी के शैक्षणिक भ्रमण से जाना विज्ञान का संसार

देहरादून । लोकपर्व इगास की खुशियां, पहाड़ की लोकसंस्कृति के रंग, बच्चों की प्रतिभा और शिक्षा के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी। इन सभी भावों को एक साथ समेटे धाद संस्था की ओर से संचालित ‘पुनरुत्थान’ कार्यक्रम के तहत 20 और 21 नवंबर को देहरादून में दो दिवसीय मिलन समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों, विशेषकर गढ़वाल और कुमाऊँ के क्षेत्रों से आए आपदा प्रभावित एवं जरूरतमंद बच्चों और उनके अभिभावकों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने, एक-दूसरे से मिलने, अपनी संस्कृति से जुड़ने और शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिला।
*लोकगीत, कविता और भैलो के साथ मनाया इगास*स्थानीय संस्कृति विभाग सभागार में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन बच्चों ने गीत, कविता, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। इसके साथ प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्र से आये बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि शिक्षा तथा सामाजिक सहयोग से उनके जीवन में किस तरह सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इस दौरान पुनरुत्थान कार्यक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण सहयोगियों श्री तोताराम ढ़ौंड़ियाल,स्नेहलता नौटियाल,बी एस नेगी,माया सडाना, सुजाता भारती को पुनरुथान यात्री सम्मान प्रदान किया गया। सहयोगियों ने भी इस पहल की शुरुआत, उद्देश्य और अब तक की यात्रा पर अपने विचार रखे।
पुनरुत्थान का परिचय देते हुए  सचिव बीरेश ने बताया कि आम समाज के सहयोग से चल रहे पुनरुथान के वार्षिक कार्यक्रम इगास में इस वर्ष चम्पावत से लेकर देवाल तक के बच्चों ने भागीदारी की है। और हम उनके साथ होने वाले उत्सव को हर वर्ष इस उद्देश्य के साथ मनाते हैं कि इगास का उजास सब के हिस्से में आये। धाद के सचिव तन्मय ने पुनरुत्थान की तेहरा वर्ष की यात्रा के विचार को साझा किया  केदारनाथ आपदा के बाद धाद की यह पहल वर्ष 2013 में केदारनाथ आपदा के बाद शुरू हुई थी। आपदा में प्रभावित हुए बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को लेकर संस्था ने जनसहभागिता के माध्यम से एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उठाई। इस पहल के तहत आम समाज के लोग बच्चों  पक्ष में खड़े होकर उनकी पढ़ाई में सहयोग देते है , ताकि आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियां उनकी शिक्षा में बाधा न बनें। पुनरुत्थान के संयोजक जगमोहन रावत ने कहा कि  कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बच्चों की पढ़ाई में मदद करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, बेहतर अवसर और समाज के साथ जुड़कर आगे बढ़ने का वातावरण देना भी है। इसलिए हम उन्हें हर वर्ष इगास के उत्सव के बहाने समाज और आपस में मिलवाते हैं। शाम को उत्तराखंड के लोकपर्व इगास को पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों ने पारंपरिक भैलो खेला। लोकगीतों और नृत्य के बीच सभी ने पर्व की खुशियां साझा कीं। इस आयोजन ने बच्चों को अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की शिक्षा में निरंतर सहयोग देने वाले सहयोगियों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर पुनरुत्थान के साथियों माधुरी रावत,पुष्पा खंडूरी,गीतांजलि जोशी,शैलेन्द्र ध्यानी,राम पाल सिंह,रजनी रावत,विमला रावत,सुरेश कुकरेती,विनोद धस्माना,प्रोमिला छाबड़ा,विनोद छाबड़ा, के साथ हर्षमणि व्यास डी सी नौटियाल,हिमांशु आहूजा,साकेत रावत,आशा डोभाल मोहित डिमरी,प्रांजल नौडियाल,कपिल डोभाल,मीनक्षी जुयाल मनीषा ममगाईं के साथ अन्य लोग भी उपस्थित थे।    *उच्च शिक्षा के रास्ते खोलने में मिला CIMS का सहयोग*
इस आयोजन में CIMS एवं UIHMT के निदेशक और चेयरमैन ललित जोशी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने पुनरुत्थान कार्यक्रम से जुड़े बच्चों की उच्च शिक्षा को लेकर अपने संस्थानों में निःशुल्क प्रवेश और शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उनके संस्थानों की ओर से कई बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा चुकी है। ऐसे सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की संभावनाएं मजबूत होती हैं।

*साइंस सिटी के भ्रमण से विज्ञान को करीब से जाना*
सी आई एम एस के सहयोग से आयोजन के दूसरे दिन बच्चों को यूकॉस्ट स्थित देहरादून साइंस सिटी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। CIMS के सहयोग से आयोजित इस भ्रमण के दौरान बच्चों ने विज्ञान के विभिन्न मॉडल, तकनीकी प्रदर्शन और 3D एनिमेशन के माध्यम से विज्ञान की दुनिया को करीब से देखा और समझा। किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विज्ञान को प्रयोगों, मॉडलों और तकनीक के माध्यम से जानने का यह अनुभव बच्चों के लिए खास रहा। इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच और नई चीजें सीखने की रुचि विकसित करना भी रहा।   इसके बाद शाम को सी आई एम एस  कॉलेज परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कॉलेज के विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, कैलाश हॉस्पिटल के निदेशक सहित अन्य अतिथियों ने बच्चों से संवाद किया। इस दौरान बच्चों को शिक्षा जारी रखने, अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने, नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को उपहार एवं मिठाई वितरित की गई। संस्थान के विद्यार्थियों के साथ मिलकर इगास पर्व की खुशियां भी साझा की गईं।

दो दिनों तक चले इस मिलन समारोह ने बच्चों को केवल उत्सव मनाने का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, विज्ञान को समझने और भविष्य के नए सपने देखने का मंच भी प्रदान किया। आयोजन का संयोजन युवा धाद की अर्चना,सौरव,शुभम,योगेश ने किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *