UTTRAKHAND

विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूड़ी भूषण ने प्रमाण पत्र वितरित किए

Spread the love

*जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित डिजिटल विपणन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के नए अवसर*

*कोटद्वार में तीन माह का प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 25 प्रतिभागियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र*

पौड़ी गढ़वाल कोटद्वार ।
डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं और उद्यमियों को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप दक्ष बनाने की दिशा में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से संचालित तीन माह के उन्नत डिजिटल विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूड़ी भूषण ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी 25 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

विधानसभा अध्यक्षा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में डिजिटल विपणन का ज्ञान युवाओं, उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। डिजिटल मंचों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों के प्रभावी उपयोग से स्थानीय उद्यमी अपने उत्पादों एवं सेवाओं को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकते हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के साथ उनके व्यवसाय को नई पहचान दिलाने में भी सहायक होंगे।

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि तीन माह तक चले प्रशिक्षण में विभिन्न क्षेत्रों एवं व्यवसायों से जुड़े 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षक विवेक जदली ने प्रतिभागियों को डिजिटल विपणन के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान डिजिटल मंचों का प्रभावी उपयोग, ऑनलाइन पहचान निर्माण, सामाजिक माध्यमों से विपणन, ऑनलाइन प्रचार-प्रसार तथा डिजिटल माध्यमों से व्यवसाय को आगे बढ़ाने की तकनीकों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों में दक्ष बनाकर उनके व्यवसाय और उद्यमों को डिजिटल पहचान दिलाना तथा बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ाने के लिए सक्षम बनाना रहा।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के पूर्व महाप्रबंधक नरसिंह कर्णवाल, प्रबंधक राजेंद्र आर्य, सहायक प्रबंधक सलोनी नेगी एवं रिंकी कुकरेती, नीरज बंगारी तथा सिडकुल निर्माता संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विवेक चौहान, सचिव, सिडकुल निर्माता संघ, ग्रोथ सेंटर सिगड्डी ने किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *