UTTRAKHAND

वन अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट की भारतीय वन सेवा संघ, उत्तराखंड ने की कड़ी निंदा

Spread the love

DFO महातिम यादव एवं अन्य वन अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की घटना की भारतीय वन सेवा संघ, उत्तराखंड ने की कड़ी निंदा

देहरादून, 05 नवंबर 2026

भारतीय वन सेवा संघ, उत्तराखंड चैप्टर ने पौड़ी गढ़वाल जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के उपरांत गढ़वाल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) श्री महातिम यादव, भारतीय वन सेवा एवं अन्य वन अधिकारियों तथा अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों के साथ हुई अभद्रता एवं मारपीट की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।

संघ ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी गंभीर एवं संवेदनशील परिस्थितियों में वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी दिन-रात क्षेत्र में उपस्थित रहकर प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति को नियंत्रित करने तथा मानव जीवन की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस चुनौतीपूर्ण कार्य में गढ़वाल वन प्रभाग के DFO श्री महातिम यादव, उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) पौड़ी सुश्री आयशा बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी श्री नक्षत्र शाह एवं समस्त अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों द्वारा सराहनीय प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है।

संघ ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष में किसी परिवार द्वारा अपने प्रियजन को खोने का दुःख अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवार एवं प्रभावित समुदाय के प्रति संघ अपनी गहरी संवेदना एवं सहानुभूति व्यक्त करता है। हालांकि, ऐसी विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ हिंसा, धमकी अथवा दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस प्रकार की घटनाएं न केवल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा को प्रभावित करती हैं, बल्कि अग्रिम पंक्ति में कार्यरत वनकर्मियों के मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।

भारतीय वन सेवा संघ, उत्तराखंड ने घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट किया कि कानून का शासन सर्वोपरि है तथा शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ हिंसा करने वालों के विरुद्ध शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

संघ ने महातिम यादव, आयशा बिष्ट, नक्षत्र शाह एवं उत्तराखंड वन विभाग के समस्त अधिकारियों एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के प्रति पूर्ण एकजुटता एवं समर्थन व्यक्त करते हुए सभी संबंधित पक्षों से वन प्रशासन के साथ शांतिपूर्ण सहयोग करने की अपील की है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष के शमन हेतु आवश्यक कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सकें।

भारतीय वन सेवा संघ, उत्तराखंड चैप्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *