Dehradun

छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर दून पुलिस ने चलाई जागरूकता की पाठशाला

Spread the love

*थाना रानीपोखरी*

*साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल अपराधों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति छात्र-छात्राओं को किया जागरुक*

*नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए किया प्रेरित*

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रो में आमजन तथा स्कूली छात्र छात्राओं को साइबर अपराधों, नशे के दुष्प्रभाव तथा महिलाओं एवं बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों व बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के क्रम मे आज दिनांक 30/10/2026 को थाना रानीपोखरी पुलिस द्वारा रानीपोखरी स्थित दून भवानी इण्टरनेशनल स्कूल, घम्मूवाला एवं शिव शिक्षा निकेतन स्कूल, रानीपोखरी में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग एवं साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी एवं निजी विवरण साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने के लिए जागरूक किया गया।

महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि महिलाओं एवं बच्चों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं को गुड टच एवं बैड टच, ऑनलाइन सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा दुर्व्यवहार की स्थिति में बिना डरे अपने अभिभावकों, शिक्षकों एवं पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ परिवार और समाज के भविष्य को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने हेतु जागरुक किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के शिक्षकों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आस-पास के लोगों को भी साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *