UTTRAKHAND

केंद्रीय विद्यालय नरेंद्रनगर में शैक्षिक सत्र 2027-28 से होगा शुरू

Spread the love

‎नरेंद्र नगर/15 अक्टूबर, 2026 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयासों से नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय खोलने की स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने केंद्रीय विद्यालय नरेंद्रनगर में शैक्षिक सत्र 2027-28 से संचालन की संस्वीकृति प्रदान की है।
‎
‎भारत सरकार ने दिसंबर 2024 में नागरिक एवं रक्षा क्षेत्रों में 85 नए केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने की स्वीकृति दी थी। इसके तहत विद्यालय खोलने के लिए संबंधित प्रायोजक प्राधिकरण द्वारा चिन्हित भूमि का हस्तांतरण तथा उपयुक्त अस्थायी भवन केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधिपत्य में उपलब्ध कराना अनिवार्य था। नरेंद्रनगर में भूमि हस्तांतरण और विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध होने के बाद अब विद्यालय संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है।
‎
‎विद्यालय का संचालन प्रारंभ में कक्षा एक से पांच तक किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन होगा। इसके बाद आवश्यकता एवं स्वीकृति के अनुसार कक्षाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया शैक्षिक सत्र 2027-28 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की जाएगी।
‎
‎नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। इससे नरेंद्रनगर सहित आसपास के क्षेत्रों के बच्चों और अभिभावकों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
‎
‎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *