राजस्थान पुलिस ने जीता महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब
*कुंजापुरी मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की हास्य प्रस्तुतियों ने गुदगुदाया*
*अजय चौहान और अजू तोमर के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कलाकारों को किया सम्मानित*
*कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विजेता टीम को 1.01 लाख और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये का चेक व ट्रॉफी देकर किया सम्मानित*
उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल/15 अक्टूबर, 2026 ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या हास्य और पहाड़ी लोकगीतों के नाम रही। नरेंद्रनगर के मुख्य मेला मैदान में आयोजित स्टार नाइट में प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया, वहीं जौनसार/हिमांचल के लोक गायकों अजय चौहान और अजू तोमर ने अपने लोकप्रिय गीतों से समां बांधा। कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल और नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों ने मंच पर पहुंचे कलाकारों को पहाड़ी टोपी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के आयोजन स्थानीय संस्कृति को पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की प्रस्तुतियों से हुई। दोनों कलाकारों ने अपने चुटीले अंदाज, हास्य संवादों और शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुतियों पर मेला मैदान देर तक ठहाकों से गूंजता रहा।
इसके बाद हिमाचल के लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर ने मंच संभाला। गायकों ने ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’, ‘शिलॉन्ग लागा मेला’, ‘लड़की सुहाणी’, ‘झुमके झुमके’ और ‘नाटी किंग’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने दर्शकों के बीच पहुंचकर भी प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। देर रात तक युवा और अन्य दर्शक पहाड़ी गीतों की धुनों पर थिरकते रहे।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, प्रकाश चंद्र रमोला, महेश गोसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता देवी, विनीता देवी और पार्वती नौटियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
*———————-*
मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में राजस्थान पुलिस ने मनी क्लब को सीधे सेटों में 25-18 और 25-12 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता राजस्थान पुलिस की टीम को 1,01,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता मनी क्लब की टीम को 51,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मुकाबले का आनंद लिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

