UTTRAKHAND

देहरादून जू में वन्यजीव सप्ताह का हुआ शुभारंभ

Spread the love

देहरादून । वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर देहरादून जू मे विभिन्न जागरूकता एवं संरक्षण गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से की गई, जिसमें जू के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा परिसर की साफ-सफाई की गई।

वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत श्रद्धानंद बाल वनिता आश्रम से बच्चों को देहरादून जू का भ्रमण कराया गया। इस दौरान वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ प्रदीप मिश्रा एवं दीक्षा भट्ट, रेंज अधिकारी द्वारा बच्चों को वन्यजीव संरक्षण, वन्यजीवों के महत्व तथा विशेष रूप से बाघ संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई।

इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह के दौरान हर दिन एक वन्यजीव पर विशेष रूप से फोकस करते हुए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि बच्चों एवं आमजन को विभिन्न वन्यजीव प्रजातियों, उनके संरक्षण और उनके आवास के महत्व की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए वन्यजीव क्विज का भी आयोजन किया गया तथा विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वन्यजीवों से संबंधित अपनी जानकारी को साझा किया।

वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जू में “मेरा वन्यजीव संकल्प एक पत्ता, एक संकल्प’ गतिविधि भी आयोजित की जा रही है। इसमें आगंतुक अपने छोटे-छोटे वन्यजीव संरक्षण संकल्प पत्तियों पर लिखकर संकल्प वृक्ष पर लगा सकते हैं। साथ ही लोगों को ई-प्लेज के माध्यम से भी वन्यजीव संरक्षण की शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

देहरादून जू द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे वन्यजीव संरक्षण के इस अभियान से जुड़ें, अपना वन्यजीव संकल्प लें और ई-प्लेज के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। छोटे-छोटे संकल्प मिलकर वन्यजीवों के संरक्षण में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *