अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजनों का सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण एवं सहायक उपकरण वितरित
वृद्धजनों के सम्मान में आयोजित हुआ शिविर, 30 वरिष्ठ नागरिकों को मिले सहायक उपकरण
चमोली। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड दशोली के जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह में शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित कर शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वरिष्ठजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। वरिष्ठजनों से उनके अनुभव एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए।
इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा ‘पीढ़ियों का कारवां’ थीम के अंतर्गत पेंटिंग, निबंध एवं गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को कुल 30 सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने फ्रंट ऑफिस हेल्पलाइन डेस्क के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से वरिष्ठ एवं वयोश्री नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने वरिष्ठजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वरिष्ठ नागरिकों का व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से साझा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठजनों ने युवाओं से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत ‘एक युद्ध, नशे के विरुद्ध’ मुहिम से जुड़ने तथा नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, अधिवक्ता समीर बहुगुणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय सिंह लिंगवाल सहित सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रहे वरिष्ठजन, छात्र-छात्राएं एवं विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।
