UTTRAKHAND

बेस अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री धन सिंह, मरीजों से जाना स्वास्थ्य का हाल

Spread the love

स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी, मरीजों ने उपचार व्यवस्था पर जताया संतोष

गढ़वाल।
कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

मंत्री ने आईसीयू में भर्ती तिरपालीसैंण क्षेत्र की सुनीता देवी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री ने चिकित्सकों से उनके उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने हाल ही में तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नंदा सती के पिता ब्रह्मानंद सती से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। मंत्री ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और उपचार संबंधी जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान मंत्री ने बेस अस्पताल में संचालित आंचल कैफे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों एवं तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उपचार व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 170 से अधिक कार्य किए गए हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि उपचार सुविधाओं के विस्तार के साथ अस्पताल के आधारभूत ढांचे को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। अस्पताल परिसर में एक पार्किंग का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि एक अन्य स्थान पर भी पार्किंग विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, ताकि गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं तीर्थ यात्रियों को बेहतर उपचार और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय, डॉ. सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *