धुमाकोट पुलिस द्वारा महिलाओं को साइबर अपराध, नशा उन्मूलन एवं नवीन कानूनों के प्रति किया गया जागरूक
डिजिटल अरेस्ट से लेकर ऑनलाइन ठगी तक, धुमाकोट पुलिस ने महिलाओं को बताए साइबर सुरक्षा के मंत्र
धुमाकोट । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में आज दिनांक 26.07.2026 को थाना धुमाकोट पुलिस टीम द्वारा ग्राम सभा अदाली एवं किनाथी में महिलाओं हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) एवं व्हाट्सएप के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम द्वारा बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, ब्लैकमेलिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त उपस्थित महिलाओं को नवीन आपराधिक कानूनों के महत्वपूर्ण प्रावधानों से अवगत कराते हुए कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध अथवा कानूनी सहायता की आवश्यकता होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
