एसएसपी देहरादून ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों/थाना प्रभारियों के साथ की गोष्टी
*आगामी यू0पी0एस0सी0 की परीक्षा, गंगा दशहरा के पर्व, वीकेंड के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट तथा आगामी ईद के पर्व के दृष्टिगत किये गये सुरक्षा प्रबन्धों की करी समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश*
*सभी क्षेत्राधिकारियों/थाना प्रभारियों को परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित करने के दिये निर्देश*
*आगामी ईद-उल-अजहा के पर्व के दृष्टिगत सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के दिये निर्देश*
*किसी भी दशा में सडकों पर न पढी जाये नमाज, सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट तौर पर किया निर्देशित*
देहरादून । दिनांक 23-05-2026 को एसएसपी देहरादून द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों/थाना प्रभारी/चौकी प्रभारियों के साथ गोष्ठी की गई। गोष्ठी के दौरान दिनांक 24-05-2026 को आयोजित होने वाली यू0पी0एस0सी0 की परीक्षा, गंगा दश्हरा के पर्व, वीकेंड के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट तथा आगामी ईद के पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा एंव यातायात व्यवस्था के सम्बंध में उपस्थित अधिकारियों को निम्न दिशा-निर्देश दिये गयेः-
1- दिनांक 24-05-2026 को जनपद में 32 परीक्षा केन्द्रो पर यू0पी0एस0सी0 की परीक्षा आयोजित की जायेगी, जिसमें साढे बारह हजार से अधिक परिक्षार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा, सभी क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पडने वाले परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर सुरक्षा सम्बंधी सभी व्यवस्थायें समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे, साथ ही परीक्षा डयूटी में पुलिस बल को समय से नियुक्त करते हुए उनकी प्रापर ब्रिफिंग सुनिश्चित की जाए तथा परीक्षा केन्द्रो में प्रापर चैकिंग/फ्रिकसिंग के उपरान्त ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी जाए तथा उक्त कार्यवाही की फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी की जाये। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रो के आसपास स्थित होटल/ढाबो/धर्मशाला आदि की रात्रि में प्रापर चैकिंग सुनिश्चित करते हुए अनावश्यक रूप से रूकें संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनसे पूछताछ व सत्यापन की कार्यवाही की जाये।
2- दिनांक 24-05-2026 को यू0पी0एस0सी0 की परीक्षा के साथ साथ गंगा दशहरा पर्व के दृष्टिगत भारी संख्या में श्रद्वालुओं के ऋषिकेश व जनपद के अन्य स्थानों पर नदी किनारे घाटों पर आने के दृष्टिगत सुरक्षा के समुचित प्रंबन्ध सुनिश्चित किये जाये तथा संदिग्धों पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु सादे वस्त्रों में भी पुलिस कर्मियों को नियुक्त किया जाये।
3- स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश तथा वीकेंड के चलते भारी संख्या में पर्यटकों के जनपद में आगमन के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था हेतु यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल को नियुक्त किया जाये, साथ ही मुख्य मार्गो/चौराहो पर सडक किनारे वाहन खडा कर यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरूद्व सख्त कार्यवाही की जाये।
4- आगामी ईद-उल-अजहा के पर्व के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थानों पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर लें, पर्व के दौरान इस बात को सुनिश्चित किया जाये कि किसी भी थाना क्षेत्र में लोगो द्वारा सडकों पर नमाज न पढी जाये, साथ ही पर्व के दौरान सवेंदनशील स्थानो, विशेषकर मिश्रित आबादी क्षेत्रो में सर्तक दृृष्टि रखते हुए सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाये तथा पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों को पूर्व में ही चिन्हित करते हुए उनके विरूद्व आवाश्यक निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। सभी थाना प्रभारी इस बात को सुनिश्चित करेंगे की पर्व के दौरान कुर्बानी पूर्व निर्धारित स्थानो पर ही की जाये तथा कुर्बानी को लेकर कहीं भी किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
