अब पुलिस मोबाइल बाइक से रखेगी चारधाम यात्रा पर नजर
*चारधाम यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण, पुलिस गश्त एवं आपात स्थिति में त्वरित सहायता हेतु ‘पुलिस मोबाइल बाइक’ रहेंगी तैनात।
एसएसपी पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा 05 बुलेट मोटर साइकिलों को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा हेतु किया रवाना
उत्तराखंड । चारधाम यात्रा के दौरान यातायात दबाव एवं ट्रैफिक जाम की समस्या अक्सर एक बड़ी चुनौती बन जाती है। श्रद्धालुओं एवं आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से चारधाम यात्रा मार्गों पर अब “पुलिस मोबाइल बाइक” टीमें लगातार गश्त करती नजर आएंगी। आज दिनांक 22.05.2026 को पुलिस लाइन पौड़ी से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा 05 नई बुलेट मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये मोबाइल बाइक टीमें यात्रा मार्ग एवं थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, ट्रैफिक जाम की स्थिति को नियंत्रित करने तथा आमजन/जरूरतमंद को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगी। यात्रा मार्गों पर कई स्थान ऐसे हैं जहाँ संकरे रास्ते, भारी वाहनों का दबाव एवं अचानक बढ़ने वाला ट्रैफिक जाम चुनौती बन जाता है। ऐसे स्थानों पर बड़ी गाड़ियों की अपेक्षा मोबाइल बाइक टीमें अधिक तेजी एवं प्रभावी तरीके से मौके पर पहुँच सकेंगी इसके अतिरिक्त ये पुलिस मोबाइल बाइक टीमें लगातार पुलिस गश्त एवं पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखेंगी तथा किसी भी दुर्घटना, स्वास्थ्य आपात स्थिति अथवा अन्य किसी सूचना प्राप्त होने पर त्वरित सहायतार्थ मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्यवाही करेंगी।
