उत्तराखंड

SDRF ने रात्रिकालीन सर्चिंग में लापता व्यक्ति को सकुशल खोजा

Spread the love

उत्तराखंड । दिनांक 12/05/2026 को थाना धरासू से SDRF पोस्ट चिन्यालीसौड़ को रात्रि 22:40 बजे फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के मड़गांव निवासी एक व्यक्ति, जो प्रतिदिन की भांति सुबह अपनी बकरियां चराने जंगल गया था, देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर खोजबीन किए जाने के बावजूद व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया, जिसके चलते SDRF टीम की सहायता मांगी गई।

सूचना प्राप्त होते ही SDRF टीम अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ रात्रि 22:44 बजे घटनास्थल हेतु रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से सर्च अभियान प्रारंभ किया गया। अंधेरे और दुर्गम वन क्षेत्र होने के बावजूद टीम द्वारा संभावित स्थानों पर छोटी-छोटी टीम बनाकर अलग-अलग दिशाओं में सघन सर्चिंग की गई।

गहन खोजबीन के दौरान टीम को उक्त व्यक्ति जंगल के भीतर अचेत अवस्था में मिला। SDRF टीम द्वारा तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान कर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूछताछ में व्यक्ति द्वारा बताया गया कि जंगल में अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण वह बेहोश हो गया था, जिसके चलते वह वापस घर नहीं लौट सका।

तत्पश्चात SDRF टीम द्वारा व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने SDRF की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

*रेस्क्यू टीम:*
अपर उप निरीक्षक आशिक अली
मुख्य आरक्षी मनोज चौहान
मुख्य आरक्षी रमेश उनियाल
फायरमैन संदीप सिंह
होमगार्ड परम सिंह
होमगार्ड प्रदीप सिंह

*बरामद व्यक्ति:*
विशन सिंह बर्थवाल (50 वर्ष)
निवासी – मड़गांव, चिन्यालीसौड़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *