चारधाम यात्रा का हुआ भव्य शुभारंभ, सीएम ने दिखाई हरी झंडी
• *मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी*
• *कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सहित बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी तथा कई गणमान्य मौजूद रहे।*
• *मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में चारधाम यात्रा हेतु व्यापक तैयारियां: हेमंत द्विवेदी*
ऋषिकेश 18 अप्रैल 2026 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार को ऋषिकेश में चारधाम यात्रा 2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम के तहत ऋषिकेश में यात्रा पंजीकरण कार्यालय के निकट संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड चारधाम हेतु जानेवाले श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर तथा पंजीकरण कार्यालय का निरीक्षण भी किया और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
*चारधाम यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम के इस मौके पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में इस वर्ष चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गयी हैं।*
बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि इस यात्रा वर्ष श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल रहे है उन्होंने तीर्थयात्रियों से अनुरोध किया किया कि यात्रा पर आने से पहले पंजीकरण अवश्य कराएं।बताया कि बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में गैर सनातनियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। फोटोग्राफी, वीडियो ग्राफी, रील बनाने पर मंदिर परिसरों में रोक रहेगी।
दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। आनलाइन पूजा पंजीकरण,डिजिटल रजिस्ट्रेशन, भीड़ प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है यात्री विश्राम गृहों को दुरस्त किया गया है। श्रद्धालुओं को मंदिरों में सरल सुगम दर्शन हो सके यह प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि तीर्थयात्रियों हेतु आवास, भोजन और संचार तथा परिवहन की व्यवस्थाओं में भी सुधार किया गया है। बीकेटीसी तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु कार्य हो रहे है। कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कि चारधाम यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम के साथ ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा का आमंत्रण दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा,पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
