होली और रमजान: सुरक्षा, सौहार्द और सहयोग के संग मनाएं खुशियों के पर्व
हर्ष एवं उल्लास के पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था के साथ संपन्न कराने हेतु जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित।
आगामी होली पर्व एवं रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें प्रत्येक थाना क्षेत्र में संभ्रांत व्यक्तियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी संवाद को सुदृढ़ किया जाए, ताकि पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में सम्पन्न हों।
निर्गत निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज ठाकुर द्वारा कोतवाली कोटद्वार में एसडीएम पौड़ी श्रीमती दीक्षिता जोशी द्वारा कोतवाली पौड़ी में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न थानों में संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठकें आयोजित कर समन्वय स्थापित किया गया। बैठकों में होली पर्व के दौरान रंग खेलने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार उपयोग, यातायात प्रबंधन, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता तथा अफवाहों पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सभी उपस्थित नागरिकों को आगामी होली की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए सभी समुदायों से शांति, सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं पारस्परिक सम्मान के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया गया। साथ ही स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि कानून व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
