देहरादून

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव सफलतापूर्वक संपन्न

Spread the love

दिनांक: 12 फरवरी 2026  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केंद्र देहरादून द्वारा दिनांक 12 फरवरी 2026 को एक भव्य कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन इग्नू प्लेसमेन्ट सेल, नई दिल्ली एवं कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस प्लेसमेंट ड्राइव में उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश के समीपवर्ती जिलों एवं दिल्ली से आये 100 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल डिमरी ने आमंत्रित कंपनियों को इग्नू के विद्यार्थियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि, कौशल एवं कार्यक्षमता से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि इस प्रकार के प्लेसमेंट अभियान उन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं, जो आर्थिक रूप से साधारण परिवारों से आते हैं। अध्ययन के साथ-साथ रोजगार के अवसर मिलने से छात्र आत्मनिर्भर बनते हैं और अपने भविष्य को सशक्त एवं उज्ज्वल बना सकते हैं।

कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की ओर से राज्य प्रमुख (State Head) श्री वैभव गुप्ता , अन्य प्रतिनिधि श्री साहिल दीप एवं श्री मयंक असवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्री वैभव गुप्ता ने वर्तमान रोजगार परिदृश्य में कैंपस प्लेसमेंट की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सतत परिश्रम, कौशल विकास और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त एम. आर. एफ. एवं ब्लिंकिट से श्री मुकेश आर्य , उत्कर्ष बैंक एवं बार्बीक्यू नेशन से श्री कमल चौहान ने विद्यार्थियों के साथ वन टू वन साक्षात्कार प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की जिनमें उत्कर्ष बैंक, एम.आर.एफ. , ब्लिंकिट, बारबेक्यू नेशन, आई- सन, रेज़र-पे, वन पॉइंट वन, जेनियस पावर, नेक्स्ट जेन, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स आदि शामिल रहे। इन सभी ने छात्रों को अपनी-अपनी कंपनियों में उपलब्ध अवसरों, चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक कौशल के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्लेसमेंट ड्राइव में चयन की प्रक्रिया मुख्या रूप से साक्षात्कार द्वारा संपन्न की गयी। कंपनी से आये प्रतिनिधि इग्नू के विद्यार्थियों के साक्षात्कार में प्रदर्शन से काफी प्रभावित थे और उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की क्षमता को देखते हुए इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन भविष्य में भी किया जायेगा।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल डिमरी ने बताया कि दिन भर चली इस प्रक्रिया के अंत में 2 कंपनियों ने चयन प्रक्रिया को आज ही पूर्ण करते हुए कुल 13 प्रतिभागियों का अंतिम चयन किया जबकि 8 अन्य कंपनियों ने कुल 51 प्रतिभागियों को अंतिम चरण के लिए शार्ट लिस्ट किया। इस प्रकार कुल 64 प्रतिभागियों का इस प्लेसमेंट ड्राइव में चयन हुआ।

कार्यक्रम का संचालन इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के उपनिदेशक डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित छात्रों एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जगदंबा प्रसाद ने इस प्रकार के आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी आमंत्रित कंपनियों, CII के पदाधिकारियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *