देहरादून

देहरादून में युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन, शिक्षाविद् ललित जोशी ने युवाओं को किया प्रेरित

Spread the love

देहरादून । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तराखंड द्वारा आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स प्रादेशिक कैंपिंग सेंटर, भोपालपानी, देहरादून में किया गया। शिविर में युवाओं को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद् ललित जोशी सदस्य – राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण, उत्तराखंड सरकार उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में प्रतिभाग कर रहे बच्चों को आपदा किट प्रदान की तथा उनके उत्साह और अनुशासन की सराहना की।

अपने संबोधन में शिक्षाविद् ललित जोशी ने युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता का मार्ग संघर्षों से होकर गुजरता है और जो युवा चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करते हैं, वही आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए मानसिक रूप से मजबूत रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि एक प्रकार का “आंतरिक आतंकवाद” है, जो व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं को नशे से दूर रखें और अपने मित्रों व समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करें।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन स्थिति में त्वरित निर्णय लेने तथा टीम वर्क के महत्व का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों द्वारा मॉक ड्रिल एवं प्रदर्शन के माध्यम से युवाओं को वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज सेवा तथा आपदा के समय तत्परता से सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।इस दौरान रविंद्र मोहन काला प्रादेशिक सचिव भारत स्काउट एवं गाइड्स उत्तराखंड, शिवम श्रीवास्तव आईआरई एस डोईवाला,श्री जगमोहन पर्यवेक्षक यूएसडीएमए देहरादून, श्री जगन्नाथ गोस्वामी
भारत स्काउट एवं गाइड,श्री राहुल रतूड़ी
सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट
उत्तराखंड सहित 60 से अधिक स्वयसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *