आम आदमी की जेब पर महंगाई की मार, आसमान छू रहे हैं फलों के दाम, अंगूर-संतरा 100 के पार
आम आदमी की जेब पर महंगाई की मार, आसमान छू रहे हैं फलों के दाम, अंगूर-संतरा 100 के पार
बढ़ती गर्मी में महंगाई की आग ठंडा होने का नाम नहीं ले रही है। इससे मौसमी फल भी अछूते नही है। फलों के दाम आसमान छू रहे हैं। गर्मी का मौसम आते ही बाजार में अंगूर, संतरे, तरबूज, खरबूज,आम, आदि फलों की बहार आ जाती है। स्वादिष्ट होने के साथ-साथ इनकी तासीर ठंडी होने के कारण लोगों का इनके सेवन के प्रति लगाव रहता है।
मौसमी फल सेब जैसे महंगे फलों की होड़ कर रहे हैं। यह फल भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे है। अंगूर 100 रुपये प्रति किलो, संतरा 100 रुपये प्रति किलो, तरबूज औऱ खरबूज के रेट भी 50 से 60 रुपए प्रति किलो है। इनके अलावा मौसमी 70 से 80 रुपए, सेब 150 से 250 रुपए तक, आड़ू 70 से 90रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
फल कारोबारियों का कहना है कि तरबूज व खरबूजे जैसे नदी के फल रेत में पैदा होते है। मंडी तक पहुंचने में भाड़ा जुड़ जाता है। पेट्रोल के दामों में हुई वृद्धि का असर भी फलों के रेटों पर पड़ रहा है। बारिश के दौरान फलों के दाम में कमी आती है। इससे पहले दाम कम होने की कोई संभावना नही है।
वरिष्ठ पत्रकार राकेश बिजल्वाण कहते हैं कि पेट्रोल-डीजल व माल भाड़ा बढ़ना इसका एक बड़ा कारण तो है ही लेकिन विचौलियों व आढ़तियों की मनमर्जी भी फल सब्जियों के दाम बढ़ा रही है। माल होने के बावजूद रोक कर रखना, मनमर्जी के दाम पर बेचना मंहगाई को बढ़ावा दे रहा है।
