देहरादून

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने सौंपा मुख्यमंत्री को ज्ञापन

Spread the love

देहरादून  । राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने सौंपा मुख्यमंत्री को ज्ञापन, ऋषिकेश में गिरफ्तार योगेश डिमरी व सुदेश भट्ट की रिहाई की मांग
देहरादून, 06 जनवरी 2026 को  राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने सोमवार को उप जिलाधिकारी अपूर्व सिंह के माध्यम से उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें ऋषिकेश में गिरफ्तार योगेश डिमरी, सुदेश भट्ट तथा उनके अन्य साथियों की तत्काल रिहाई की मांग की गई है। पार्टी ने इन गिरफ्तारियों को अन्यायपूर्ण और राजनीतिक दबाव में की गई बताया है।
ज्ञापन सौंपते समय पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा, “ये गिरफ्तारियां राजनीतिक दबाव में की गई लगती हैं। योगेश डिमरी जैसे समाजसेवी जो अवैध गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, उन्हें जेल में रखना राज्य के लिए शर्मनाक है। हम मांग करते हैं कि सरकार तत्काल इनकी रिहाई करे और वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे।”
जिला अध्यक्ष (सैनिक प्रकोष्ठ) भगवती प्रसाद गोस्वामी ने कहा, “पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधि के रूप में मैं स्पष्ट कहता हूं कि ऐसे राष्ट्रवादी नागरिकों का दमन सहन नहीं किया जाएगा। ये लोग राज्य की सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लिए लड़ रहे हैं। यदि सरकार ने शीघ्र रिहाई नहीं की तो हम बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।”
जिला महामंत्री दयाराम मनौड़ी ने कहा, “यह गिरफ्तारी जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। निर्दोष लोगों को जेल में रखकर न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री जी से अनुरोध है कि वे स्वयं हस्तक्षेप कर इनकी रिहाई सुनिश्चित करें।”
इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ के भगवती प्रसाद नौटियाल, जिला महामंत्री हेमा कोटनाला, रजनी कुकरेती सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी का कहना है कि गिरफ्तार व्यक्ति राज्य में अवैध शराब कारोबार तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पार्टी ने मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *