उत्तराखंड

डीएम ने भारी भीड़ के चलते ये पुल बंद करने के दिए आदेश

Spread the love

डीएम ने भारी भीड़ के चलते ये पुल बंद करने के दिए आदेश

ऋषिकेश।वीकेंड पर तीर्थनगरी में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। बीते दिनों की अपेक्षा शनिवार को अधिक भीड़ देखने को मिली। नेपाली फार्म से लेकर तपोवन तक वाहनों का लंबा जाम देखने को मिला। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन को जगह-जगह रूट डायर्वट करना पड़ा। सैलानियों की भीड़ के चलते होटल और कैंप फुल हो गए। शुक्रवार को क्षेत्र में अचानक बढ़ी भीड़ से अपनी आयु पूरी कर चुके लक्ष्मण झूला पुल के ऊपर भारी दबाव बन गया था। शनिवार को भी यही स्थिति बनी रही।

लोक निर्माण विभाग नरेंद्र नगर खंड की रिपोर्ट को आधार मानते हुए जिलाधिकारी टिहरी ईवा श्रीवास्तव ने शनिवार रात को इस पुल को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी इस संबंध में स्थानीय पुलिस को आदेश जारी किए हैं।
अधिशासी अभियंता खान ने बताया कि इस पुल के ऊपर कंसन्ट्रेट लोडिग (केंद्रित भार) बढ़ गया है। जबकि पुल का डिजाइन इस तरह की लोडिग के आधार पर तैयार नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि इस पुल के बगल में नए पुल का भी निर्माण चल रहा है। जिस कारण पुराने पुल को बंद किया जाना जरूरी है।

अधिशासी अभियंता के पत्र पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ईवा श्रीवास्तव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और उप जिला अधिकारी नरेंद्र नगर को आदेश जारी कर जान माल एवं जन सुरक्षा को देखते हुए लक्ष्मण झूला सेतु पर आवागमन को अग्रिम आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि अग्रिम आदेशों तक इस पुल पर आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती रितेश शाह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश का पालन करते हुए रात्रि साढ़े आठ बजे पुल पर आवाजाही बंद कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *