एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग पुलिस जांच में जुटी
अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर फायरिंग शूटर दिल्ली-रामपुर हाईवे के झुमका तिराहे से शहर में दाखिल हुए थे ।
बरेली । बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर शुक्रवार तड़के गोलियों की गूंज सुनाई दी. सिविल लाइंस क्षेत्र में बने इस घर पर सुबह करीब साढ़े तीन बजे दो बाइक सवार हमलावर पहुंचे और फायरिंग कर दी. घटना के बाद आरोपी नैनीताल हाईवे की ओर भाग निकले. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर अपाचे बाइक पर सवार थे.
बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए हुए था. जबकि, पीछे बैठा साथी बाइक से उतरकर पाटनी परिवार के घर की ओर गोलियां बरसाने लगा. घर के पास की गली में अचानक फायरिंग होते ही कुत्ते भौंकने लगे और आसपास का माहौल दहशत में बदल गया. कुछ ही सेकंड में दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए. बाहरी सीसीटीवी फुटेज और शहर के अन्य कैमरों की जांच से पुलिस ने आरोपियों के आने-जाने का रास्ता भी पता लगाया है.
