PAURI GARHWALUTTRAKHAND

पौड़ी में गुलदार का आतंक महिला को बनाया निवाला

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल । फिर से आदमखोर गुलदार का कहर बरपा है। पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक में रविवार शाम मौत बनकर बैठे गुलदार ने खेत में बकरियां चरा रही एक महिला को अपना निवाला बना लिया। गुलदार ने महिला पर ऐसा खूनी हमला बोला कि मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी और खौफ का माहौल है।

मामला ग्राम पंचायत जवाड़ के हलसी गांव का है। यहाँ 34 वर्षीय लता देवी पत्नी जयवीर सिंह रोज की तरह अपने घर के पास ही खेत में बकरियां चरा रही थीं। उन्हें इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि पास की झाड़ियों में उनकी मौत घात लगाए बैठी है। अचानक, झाड़ियों से निकलकर गुलदार ने लता देवी पर झपट्टा मार दिया। उनकी चीख सुनकर जब तक परिजन और गांव वाले लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचते, तब तक खूनी खेल खत्म हो चुका था।

परिजनों ने जब लता देवी को देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी गर्दन पर गुलदार के पंजों और दांतों के गहरे घाव थे और वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। यह खौफनाक मंजर देख हर किसी की रूह कांप उठी।

एक दर्जन गांवों में दहशत, घरों में कैद हुए लोग

इस हमले के बाद जवाड़, बिस्ताना, कांडाखाल, बनाली, पल्ला, बिरमोली, और बड़ेथ समेत करीब एक दर्जन गांवों में गुलदार की दहशत फैल गई है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा और आक्रोश है।

प्रशासन में हड़कंप, मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएफओ आकाश गंगवार ने पुष्टि की है कि महिला की मौत गुलदार के हमले से ही हुई है। उन्होंने बताया कि वनकर्मियों की टीम को तुरंत गांव में तैनात कर दिया गया है और वह स्वयं मौके का जायजा लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इलाके में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *