बरेली एयरफोर्स स्टेशन का किया जाएगा विस्तार
बरेली। स्टेशन विस्तार के लिए चार गांवों की 93.798 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय से सैद्धांतिक अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है जिसके तहत वायुसेना अफसरों को पत्र भेजा गया है। प्रशासन ने भूमि चिह्नित कर रक्षा संपदा कार्यालय को जानकारी दी है। रक्षा संपदा अधिकारी ने एयरफोर्स अफसरों को मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने को कहा है।
शहर में वर्ष 1962 में एयरफोर्स स्टेशन का निर्माण किया गया था। उस वक्त इज्जतनगर के गांव हाजीपुर ब्रजलाल, भूड़ा, करमपुर चौधरी, कंजादासपुर, पीर बहोड़ा, चावड़, नगरिया कला की भूमि का अधिग्रहण किया गया था। फिलहाल 1349.303 हेक्टेयर भूमि पर एयरफोर्स स्टेशन बना हुआ है। कुछ साल पहले एयरफोर्स स्टेशन का दायरा बढ़ाने के लिए कवायद शुरू हुई। करीब डेढ़ साल पहले इसके लिए पत्राचार तेज हुआ। भूमि चिह्नित करने के लिए पूर्व में रक्षा संपदा कार्यालय से जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया था।
24 जुलाई 2024 को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्ष में हुई बैठक में डीएम ने वायुसेना स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए 93.798 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण के संबंध में जानकारी दी थी।
