उत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेहरादूनधार्मिकपर्यटनराजनीतिराष्ट्रीयशिक्षास्वास्थ्य

जनपद टिहरी में सुशासन सप्ताह के अन्तर्गत विभिन्न कैम्पों एवं ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टलों के माध्यम से किया जा रहा है शिकायतों का निस्तारण

Spread the love

टिहरी। भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में 19 दिसम्बर से 24 दिसम्बर, 2024 तक सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अन्तर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विभिन्न कैम्पों एवं ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टलों के माध्यम से शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की सर्वश्रेष्ठ प्रणालियां, सक्सेस स्टोरी का डाक्यूमेंटेशन एवं प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है।

अभियान के प्रसार-प्रसार हेतु सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों द्वारा ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रतिभाग किया गया। कार्याशाला में विभागीय अधिकारियों द्वारा शिकायत निवारण एवं सर्विस डिलीवरी पर विभागीय पहल संक्षेप में साझा की गई।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने विभिन्न शिविरों एवं ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टलों में प्राप्त शिकायतों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि समयान्तर्गत शिकायतों का निस्तारण हो तथा कोई भी शिकायत दुबारा न आये। किसी भी परियोजना की वास्तविक स्थिति एवं कार्य पूर्ण होने के समय के बारे में संबंधित को लिखित में संक्षिप्त में बता दें, ताकि भ्रम की स्थिति न बनी रहे, इससे शासन-प्रशासन की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी फिल्ड में जाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने वाली दीर्घकालीन योजनाएं बनाकर एवं लाभार्थियों का चयन कर वर्ष 2025-26 की जिला योजना का प्लान तैयार कर उपलब्ध करायें।

बैठक में एडीएम अरविन्द कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी जितेन्द्र भण्डारी, डीएसओ मनोज डोभाल, अधिशासी अभियन्ता जल संस्थान प्रशान्त भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *